टोहाना 14 मई 2026 (संजीव शर्मा) : राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि किसानों के खेत तक पर्याप्त सिंचाई पानी पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी सुविधा एवं समृद्धि के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार कार्य कर रही है। किसी भी किसान को सिंचाई, फसल खरीद या कृषि संबंधी सुविधाओं को लेकर परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
वीरवार को अपने आवास पर किसानों की समस्याएं सुनते हुए राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने यह बात कही। इस दौरान बिठमड़ा और आसपास के क्षेत्रों के किसान अपनी समस्याओं को लेकर उनसे मिले। किसानों ने सांसद को अवगत करवाया कि उनके खेतों की सिंचाई पहले बिठमड़ा माइनर से होती थी, लेकिन अब माइनर के टेल तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। किसानों ने मांग रखी कि उन्हें सच्चा खेड़ा माइनर से जोड़कर सिंचाई पानी उपलब्ध करवाया जाए।
राज्यसभा सांसद ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस मामले में सिंचाई विभाग से व्यवहारिकता की जांच करवाई जाएगी और किसानों की मांग को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों को लेकर पूरी तरह गंभीर है तथा अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने के लिए लगातार योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।
सुभाष बराला ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सीधे खातों में आर्थिक सहायता दी जा रही है। वहीं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान की भरपाई सुनिश्चित की जा रही है। किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक कृषि उपकरण और ड्रिप व स्प्रिंकलर जैसी सूक्ष्म सिंचाई योजनाओं पर भी सरकार अनुदान उपलब्ध करवा रही है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा भी किसानों को अनेक सुविधाएं दी जा रही हैं। मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल के माध्यम से फसलों का पंजीकरण और खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है। किसानों की फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सुनिश्चित की जा रही है तथा भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जा रहा है। इसके अलावा नहरी पानी व्यवस्था को मजबूत करने, खेतों तक पानी पहुंचाने और सिंचाई तंत्र को सुधारने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
राज्यसभा सांसद ने केंद्र सरकार द्वारा धान, कपास सहित 14 खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसान हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा किसानों की प्रत्येक समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।






