ग्रामीण लाइब्रेरी और शैक्षणिक संस्थानों को मिलेंगी गुणवत्तापूर्ण पुस्तकें
पटियाला, 14 मई, 2026 : पंजाब सरकार द्वारा राज्य में पुस्तक संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए मैचिंग ग्रांट योजना शुरू की गई है। इस कार्य की जिम्मेदारी भाषा विभाग पंजाब को सौंपी गई है। निदेशक भाषाओं के नेतृत्व में विभाग द्वारा इस योजना के तहत राज्य की ग्रामीण लाइब्रेरी, स्कूलों और कॉलेजों को पुस्तकें उपलब्ध करवाई जाएंगी।
इस योजना के तहत कोई भी संस्था जितनी राशि की पुस्तकें खरीदेगी, उतनी ही कीमत की पुस्तकें भाषा विभाग पंजाब द्वारा निःशुल्क प्रदान की जाएंगी। इस संबंध में विभाग के सहायक निदेशक (सेल) तेजिंदर सिंह गिल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस ग्रांट के अंतर्गत पुस्तकें भाषा विभाग के जिला कार्यालयों से भी प्राप्त की जा सकती हैं।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण लाइब्रेरी अपने लेटर पैड या गांव के सरपंच द्वारा सत्यापित पत्र के माध्यम से तथा शैक्षणिक संस्थान अपने प्रमुख द्वारा लिखित आवेदन पत्र के जरिए पुस्तकें प्राप्त कर सकेंगे। इस योजना का लाभ “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर दिया जाएगा।






