लखनऊ, 5 दिसंबर, 2025: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। माउंट फोर्ट इंटर कॉलेज में 6वीं कक्षा के छात्र आरव की परीक्षा के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को परीक्षा देते समय आरव अचानक अपनी सीट पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के बाद कक्षा में अफरा-तफरी मच गई।
अध्यापकों ने तुरंत बच्चे को स्कूल के मेडिकल रूम में पहुंचाया, जहां उसे लंबे समय तक सीपीआर दिया गया, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।
इसके बाद छात्र को नजदीकी बीआरडी सिविल अस्पताल ले जाया गया और परिजनों को भी सूचना दी गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने 11:29 बजे उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, आरव की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई।
आरव लखनऊ के विकास नगर का निवासी था। उसकी अचानक हुई मौत से स्कूल और इलाके में गहरा शोक है।






