फतेहाबाद 04 जून, 2026 (संजीव शर्मा) : भारतीय जनता पार्टी फतेहाबाद द्वारा रतिया विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक विषयों को लेकर बूथ अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में सोनीपत के विधायक एवं रतिया विधानसभा प्रभारी निखिल मदान तथा पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा ने की। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा, सतपाल सेठी और रमेश छिरंग विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विधायक निखिल मदान ने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर की मजबूती के कारण ही विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ अध्यक्ष पार्टी की रीढ़ होता है और संगठन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और संगठन के सिद्धांतों पर कार्य करते हैं। आने वाले समय में बूथ स्तर पर और अधिक सक्रियता के साथ कार्य कर संगठन को मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा दिए गए प्रत्येक दायित्व का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना ही कार्यकर्ताओं की पहचान है। भाजपा सरकार ने हर वर्ग के विकास के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ आमजन तक पहुंच रहा है। संगठन की एकजुटता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने का भी आह्वान किया।
पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि भाजपा एक विचार आधारित पार्टी है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान और अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर पर निरंतर संवाद और जनसंपर्क बेहद आवश्यक है। भाजपा सरकार ने महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, युवाओं के रोजगार और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करता है। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और योजनाओं के कारण जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। संगठन की मजबूती के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। बूथ स्तर की सक्रियता ही चुनावी सफलता की कुंजी होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा ने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से निरंतर मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी सक्रियता से ही पार्टी का विस्तार संभव है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ पर नियमित रूप से संपर्क अभियान चलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनहितैषी नीतियों के कारण जनता का विश्वास पार्टी के प्रति लगातार बढ़ रहा है। संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण एवं बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को पूरी गंभीरता से लागू किया जाएगा। कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही आगामी चुनावों में भाजपा और अधिक मजबूती के साथ उभरेगी। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से संगठन हित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर जिला महामंत्री अशोक जाखड़, जिला उपाध्यक्ष भीम लाम्बा, जगदीश शर्मा, भिरड़ाना मंडल अध्यक्ष संदीप, रतिया ग्रामीण मंडल अध्यक्ष लखविंद्र सिंह, नागपुर मंडल अध्यक्ष संदीप तनेजा सहित विभिन्न बूथों के अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और बूथ स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।






