टोहाना, 09 मई, 2026 (संजीव शर्मा) : 09 मई। जिले में वाहन चोरी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए टोहाना एवं थाना शहर टोहाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक सक्रिय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई 8 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निर्मल सिंह पुत्र राजकुमार निवासी नारायणगढ़, जिला जींद, अजय पुत्र भगवान निवासी कालवन, जिला जींद तथा विक्रम उर्फ विक्की पुत्र सुरजीत निवासी कालवन, जिला जींद के रूप में हुई है।
डीएसपी टोहाना श्री जयभगवान ने प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी से थाना शहर टोहाना में दर्ज कई वाहन चोरी मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस जांच के दौरान बरामद मोटरसाइकिलों में फतेहाबाद सहित अन्य जिलों से चोरी की गई बाइक भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी से थाना शहर टोहाना में दर्ज निम्नलिखित मामलों को सुलझाने में सफलता मिली है —
- अभियोग संख्या 130 दिनांक 07.05.2026, धारा 305 भारतीय न्याय संहिता
इस मामले में दिनांक 29.04.2026 को जैन समाधि अस्पताल, टोहाना के बाहर खड़ी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल नंबर HP-12G-0374 चोरी की गई थी।
- अभियोग संख्या 131 दिनांक 07.05.2026, धारा 305 भारतीय न्याय संहिता
दिनांक 21.04.2026 को जैन समाधि अस्पताल, टोहाना से हीरो होंडा मोटरसाइकिल नंबर PB-13BH-5878 चोरी की गई थी।
- अभियोग संख्या 133 दिनांक 08.05.2026, धारा 305 भारतीय न्याय संहिता
इस मामले में दिनांक 24.04.2026 को मोटरसाइकिल नंबर HR-23C-5236 चोरी की गई थी।
- अभियोग संख्या 135 दिनांक 08.05.2026, धारा 305 भारतीय न्याय संहिता
दिनांक 19.04.2026 को जैन समाधि अस्पताल, टोहाना से सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल नंबर PB-13X-0507 चोरी की गई थी।
- अभियोग संख्या 374 दिनांक 20.08.2016, धारा 379 आईपीसी
वर्ष 2016 में एसडीएम कार्यालय, टोहाना से स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल नंबर HR-23E-1961 चोरी की गई थी।
डीएसपी जयभगवान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से सक्रिय थे और भीड़भाड़ वाले बाजारों, अस्पतालों, सार्वजनिक स्थानों एवं सुनसान इलाकों में खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपी चोरी की गई मोटरसाइकिलों को कम कीमत पर बेचने अथवा उनके पार्ट्स निकालकर ठिकाने लगाने का काम करते थे।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी के नेटवर्क तथा चोरी किए गए वाहनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान कई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।






