उधमपुर, 25 मई 2026 : 03 जुलाई से शुरू होने वाली वार्षिक अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक और बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने रविवार को बताया कि रियासी और उधमपुर जिलों के संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
रियासी-उधमपुर रेंज के डीआईजी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि यात्रा को लेकर सभी आवश्यक सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन,निजी ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जा रहा है।
57 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा 3 जुलाई से दो मार्गों—अनंतनाग जिले के 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले के 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग—से शुरू होगी। यात्रा का समापन 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर होगा।
डीआईजी शर्मा ने कहा कि हाल के सुरक्षा इनपुट्स को देखते हुए निगरानी और तलाशी अभियान तेज कर दिए गए हैं। सेना, पुलिस, सीआरपीएफ, बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच लगातार खुफिया जानकारी साझा की जा रही है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों के साथ भी लगातार संवाद किया जा रहा है और उन्हें किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को देने की अपील की गई है। अधिकारियों ने यात्रियों और श्रद्धालुओं से सतर्क रहने, अनजान लोगों से अनावश्यक संपर्क से बचने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को देने का आग्रह किया है।
सुरक्षा एजेंसियां आतंकवाद विरोधी अभियानों के तहत संदिग्ध व्यक्तियों के साथ-साथ उनके सहयोगी नेटवर्क पर भी नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार कट्टरपंथ और भ्रामक गतिविधियों को रोकने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
डीआईजी शर्मा ने कहा कि अमरनाथ यात्रा के अलावा वैष्णो देवी मंदिर और शिव खोरी जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी जा रही है। एंबुलेंस सेवाएं,आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र, बिजली आपूर्ति और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
उन्होंने जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग से ही यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाया जा सकता है।