कपूरथला, 25 मई 2026 : कपूरथला के बेगोवाल में आयोजित होने वाले संत बाबा प्रेम सिंह जी की सालाना बरसी मेले से पहले एक बड़ा हादसा टल गया। मेले में लगे एक बड़े झूले (पंगूड़े) के अचानक हवा में रुक जाने से उसमें बैठे लोगों की जान पर बन आई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार 1, 2 और 3 जून को संत बाबा प्रेम सिंह जी की बरसी के अवसर पर हर साल की तरह इस बार भी मेले में विभिन्न झूले और मनोरंजन के साधन लगाए गए हैं। बीती रात मेले के दौरान एक पंगूड़ा चलते-चलते अचानक तकनीकी खराबी के कारण हवा में ही रुक गया।
झूले में फंसे लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर मौजूद लोगों में भी घबराहट का माहौल बन गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कर्मचारियों ने झूले को ठीक किया और उसमें फंसे सभी लोगों को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
घटना के बाद मेले में आए लोगों में डर और सहम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मेले में लगाए गए सभी झूलों और पंगूड़ों की तकनीकी जांच करवाई जाए ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।