सोनीपत, 21 मई 2026: हरियाणा के सोनीपत जिले से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। गांव कुमासपुर में तेज रफ्तार कैंटर की चपेट में आने से कॉलेज से घर लौट रही 21 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। हादसे की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि तेज गति से आ रहे कैंटर चालक ने पहले एक व्यक्ति को टक्कर मारी और इसके तुरंत बाद सड़क किनारे पैदल जा रही छात्रा को कुचल दिया। हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक छात्रा की पहचान मानसी के रूप में हुई है, जो गांव कुमासपुर की रहने वाली थी और मुरथल के एक कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। जानकारी के अनुसार वह गुरुवार को कॉलेज से लौटते समय अपने चाचा कप्तान सिंह के साथ पैदल घर जा रही थी। दोनों कुमासपुर पुल के पास मिले थे और सड़क किनारे गांव की ओर जा रहे थे।
कप्तान सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मानसी उनसे थोड़ा आगे चल रही थी। जब वे फौजी टेंट हाउस के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाया जा रहा कैंटर आया और मानसी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजनों और राहगीरों की मदद से छात्रा को तुरंत सिविल अस्पताल सोनीपत पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि परिजनों ने वाहन का नंबर भी नोट कर लिया था, जिसके आधार पर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।