जालंधर, 19 मई 2026: जालंधर के शाहकोट-लोहियां इलाके में सोमवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे पंजाब पुलिस के एक सहायक सब-इंस्पेक्टर (ASI)की अज्ञात हमलावरों ने बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान ASI पूर्ण सिंह के रूप में हुई है,जो गांव गट्टा मुंडी कासू के निवासी थे और वर्तमान में शाहकोट पुलिस स्टेशन में तैनात थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ASI पूर्ण सिंह सोमवार रात करीब 10 बजे ड्यूटी समाप्त करने के बाद मोटरसाइकिल पर अपने गांव लौट रहे थे। जब वे लोहियां क्षेत्र के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन्हें घेर लिया।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने तेजधार हथियारों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना खतरनाक था कि ASI पूर्ण सिंह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही शाहकोट और लोहियां खास थानों की पुलिस टीमें वरिष्ठ अधिकारियों सहित मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। जांच की जा रही है कि मामला किसी पुरानी रंजिश का है या इसके पीछे कोई अन्य साजिश है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।