भाजपा ओबीसी मोर्चा ने पक्षियों के लिए लगाए पानी के बर्तन
फ़तेहाबाद 17 मई, 2026 (संजीव शर्मा) : चिलचिलाती भीषण गर्मी के दिनों में पक्षियों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था करने के उद्देश्य से आज भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा द्वारा भाजपा जिला कार्यालय में पक्षियों के लिए मिट्टी के बर्तन लगाए गए। इस अभियान का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा ने किया। अभियान की अध्यक्षता ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष बलदेव सैनी ने की। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा ने कहा कि गर्मी के मौसम में पशु-पक्षियों को पानी उपलब्ध करवाना बहुत बड़ा मानव धर्म और पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार इंसानों को गर्मी में पानी की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार पक्षियों को भी जीवन बचाने के लिए पानी की जरूरत पड़ती है।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर पक्षियों के लिए पानी के पात्र रखने की अपील की। प्रवीण जोड़ा ने कहा कि ऐसे छोटे-छोटे प्रयास समाज में संवेदनशीलता और सेवा भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा सेवा कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाती रही है और आगे भी समाजहित के कार्य निरंतर जारी रहेंगे। ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष बलदेव सैनी ने कहा कि बढ़ती गर्मी के कारण पक्षियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे समय में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर जीव-जंतुओं की सहायता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मिट्टी के बर्तनों में पानी रखने से पक्षियों को राहत मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी जाएगा। बलदेव सैनी ने कहा कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले दिनों में भी विभिन्न स्थानों पर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष जगदीश शर्मा, ओबीसी मोर्चा के जिला महामंत्री हवा सिंह, मोहन सैनी, मखन जैया, भट्टू मार्केट कमेटी चेयरमैन प्रदीप मंडन, कुलबंत सैनी, चंद्र सोनी, सुंदर जांगड़ा, मिठू राम, मदन यादव, विजय जांगड़ा, सुभाष चंदौरा, रामकिशन गुज्जर, अशोक कुमार, जय भगवान, महेश मुनियार, दर्शन फतेहपुरी, विजय कुमार और सत्यनारायण, विक्रम शर्मा, अवतार मोंगा, रामकुमार मेहरा, रजत खाण्डा सहित सहित मोर्चे के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।






