फतेहाबाद 14 मई, 2026 (संजीव शर्मा) : भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी ने देश के मौजूदा हालात को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई अपीलों का समर्थन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का हर संदेश राष्ट्रहित और देश की मजबूती से जुड़ा होता है। उन्होंने कहा कि संकट के समय प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा देश को सही दिशा दिखाने का कार्य किया है और आज भी उनका दूरदर्शी नेतृत्व देशवासियों के लिए प्रेरणा बना हुआ है।
कंवल चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि वे अनावश्यक खर्चों से बचें, सोने की खरीदारी को सीमित रखें और देशहित को सर्वोपरि मानते हुए आर्थिक संतुलन बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पेट्रोल और डीजल की बचत करने, अधिक से अधिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करने तथा जरूरत न होने पर विदेश यात्राओं से बचने की भी अपील की है। उन्होंने कहा कि यह केवल सामान्य सलाह नहीं बल्कि देश की आर्थिक मजबूती और संसाधनों के संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें हैं। यदि प्रत्येक नागरिक इन बातों को गंभीरता से अपनाएगा तो देश को मजबूती मिलेगी और आने वाले समय की चुनौतियों का सामना करना आसान होगा। कंवल चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा दूरदृष्टि के साथ फैसले लेते हैं और उनके निर्णयों में देशहित सर्वोपरि होता है।
आज भारत वैश्विक स्तर पर मजबूत राष्ट्र के रूप में उभर रहा है और इसका श्रेय प्रधानमंत्री के मजबूत नेतृत्व और राष्ट्रहित की सोच को जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी अपनाने और संसाधनों के सही उपयोग पर बल दिया है। देशवासियों को भी चाहिए कि वे व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में सोचें और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें। कंवल चौधरी ने कहा कि संकट के समय देश की एकता, अनुशासन और जागरूकता ही सबसे बड़ी ताकत होती है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता भी जनता के बीच जाकर प्रधानमंत्री की अपीलों को पहुंचाने का कार्य कर रहा है ताकि देशहित के इस संदेश को हर व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने आमजन से आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपीलों का पालन करें, ईंधन की बचत करें, सार्वजनिक परिवहन को अपनाएं और देश की आर्थिक व सामाजिक मजबूती में अपना योगदान दें।






