Friday, June 5, 2026
HomeHaryanaनिकाय चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत पर बीजेपी जिला कार्यालय में...

निकाय चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत पर बीजेपी जिला कार्यालय में जश्न, कार्यकर्ताओं ने बांटे लड्डू

फ़तेहाबाद, 13 मई, 2026 (संजीव शर्मा) : हरियाणा के निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत के बाद आज बीजेपी जिला कार्यालय में जश्न का माहौल देखने को मिला। सोनीपत, पंचकूला और अंबाला नगर निगम चुनावों सहित सांपला एवं धारूहेड़ा पालिका चुनावों में भाजपा की जीत पर कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा के नेतृत्व में लड्डू बांटकर खुशी मनाई। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।

निकाय चुनावों में भाजपा को मिली जीत को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह दिखाई दिया। सोनीपत नगर निगम में भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन ने लगातार बढ़त बनाए रखते हुए जीत दर्ज की, वहीं अंबाला नगर निगम में भाजपा उम्मीदवार अक्षिता सैनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेयर पद पर कब्जा जमाया। भाजपा नेताओं ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जनहितकारी नीतियों और विकास कार्यों पर जनता की मुहर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा की पारदर्शी कार्यशैली और विकासवादी सोच पर विश्वास जताया है। जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा ने कहा कि हरियाणा के निकाय चुनावों में मिली ऐतिहासिक जीत यह साबित करती है कि जनता भाजपा सरकार की नीतियों और विकास कार्यों से पूरी तरह संतुष्ट है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा विकास, पारदर्शिता और जनसेवा की राजनीति की है, जिसका परिणाम आज चुनावी जीत के रूप में सामने आया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति कर रहा है, वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार जनहित में अनेक ऐतिहासिक फैसले ले रही है। यही कारण है कि जनता लगातार भाजपा पर अपना विश्वास जता रही है। प्रवीण जोड़ा ने कहा कि निकाय चुनावों में मिली जीत भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण का परिणाम है।

पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर तक मजबूती से काम कर रहा है और जनता के बीच रहकर सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की जीत केवल चुनावी जीत नहीं बल्कि विकास और सुशासन की जीत है। आने वाले समय में भी भाजपा जनता की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को और तेज गति से आगे बढ़ाएगी। इस अवसर पर जिला कार्यालय में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, युवा कार्यकर्ता एवं पार्टी समर्थक मौजूद रहे। सभी ने पार्टी नेतृत्व को बधाई देते हुए भविष्य में भी भाजपा को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
जानकारी देते हुए जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी ने बताया कि इस अवसर जिला उपाध्यक्ष सविता टुटेजा, इंद्र गावड़ी, कंवल चौधरी, अनिल सिहाग, भीम लांबा, डॉ सुमन बजाज, डॉ रणजीत ओढ, इंद्र बत्रा, विकास शर्मा, नवीश सचदेवा, रवि शर्मा, शम्मी ढींगड़ा, सोनू वर्मा, विक्रम मराठी, रजत खाण्डा, संदीप ताखर, अमृतपाल खुम्बर, रमन सरोहा, विकास सहारण सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments