फतेहाबाद, 4 मई, 2026 (संजीव शर्मा) : पश्चिम बंगाल, पांडिचेरी व असम में भारतीय जनता पार्टी की प्रचण्ड जीत की खुशी में आज भारतीय जनता पार्टी फतेहाबाद के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा व फतेहाबाद के पूर्व विधायक दुड़ाराम के नेतृत्व में मोटरसाइकिल यात्रा निकालकर जोरदार जश्न मनाया। रैली में जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा मोटरसाईकिल राईड करते दिखाई दिए, वहीं पूर्व विधायक उनके साथ पीछे बैठे कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते दिखे। प्रवीण जोड़ा व दुड़ाराम के साथ भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोटरसाइकिलों पर सवार होकर शहरभर में रोड शो निकाला। हाथों में भाजपा के झंडे लिए और जय श्रीराम के उद्घोषों के साथ कार्यकर्ताओं ने जीत की खुशी व्यक्त की। भाजपा कार्यकर्ताओं की इस बाइक रैली को देखकर शहरवासी भी उत्साहित नजर आए।
स्थानीय लोगों ने भी बंगाल में भाजपा की जीत को ऐतिहासिक और न्यायपूर्ण बताते हुए खुशी जाहिर की।
इस मोटरसाइकिल यात्रा के दौरान जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और पांडिचेरी के चुनाव परिणाम देश की बदलती सोच और जनता के भाजपा के प्रति बढ़ते विश्वास का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, राष्ट्रवाद और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। जनता ने तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और हिंसा की राजनीति को नकारते हुए विकास और सुरक्षा के पक्ष में मतदान किया है। प्रवीण जोड़ा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के कारण आज पार्टी देश के हर कोने में मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने लोकतंत्र को मजबूत करने का कार्य किया है और यह जीत देश के लिए ऐतिहासिक संदेश लेकर आई है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को इस ऐतिहासिक जीत की बधाई देते हुए कहा कि भाजपा सदैव राष्ट्रहित और जनसेवा के लिए समर्पित रहेगी।
पूर्व विधायक दुड़ाराम ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत केवल राजनीतिक परिवर्तन नहीं, बल्कि जनभावनाओं की जीत है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने भय, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को समाप्त करने का मन बना लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों और भाजपा की राष्ट्रवादी सोच को जनता का भरपूर समर्थन मिला है। दुड़ाराम ने कहा कि भाजपा ने हमेशा गरीब, किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं के हितों के लिए कार्य किया है और यही कारण है कि देशभर में पार्टी के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह जीत भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष, समर्पण और अथक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भाजपा देश को और अधिक मजबूत तथा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगी।
जानकारी देते हुए जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी बताया कि इस अवसर पर युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष बिट्टू गुज्जर,जिला महामंत्री अशोक जाखड़, जिला उपाध्यक्ष जगदीश शर्मा, इंद्र गावड़ी, जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी, अमृतपाल सिंह खुंबर, डॉ विकास सहारण, अशोक कंबोज नंबरदार, हर्ष गुज्जर, जगदीप मोंगा, सुखदेव,शिवम श्रीवास्तव, कृष्ण सोनी, रोशन सोनी, मनोज माचरा, रामकुमार मेहरा, डॉ रणजीत ओढ, विकाश शर्मा, नवीश सचदेवा, रवि शर्मा,आर्यन ग्रोवर, नीलाशी शर्मा, पूनम सिंगला मौजूद रहे।






