Saturday, June 6, 2026
HomeHaryanaमहिला आरक्षण को परिसीमन और सीटों की संख्या में वृद्धि से जोडऩा...

महिला आरक्षण को परिसीमन और सीटों की संख्या में वृद्धि से जोडऩा गलत: अरविन्द शर्मा

कहा, 2023 महिला आरक्षण विधेयक को तुरंत प्रभाव से लागू किया जाए

फतेहाबाद 21 अप्रैल 2026 : भारतीय जनता पार्टी द्वारा महिला आरक्षण को लेकर किए जा रहे दावें केवल भ्रामक प्रचार है, आम जनता को बरगलाकर भाजपा अपना स्वार्थ सिद्ध करना चाहती है। यह बात कांग्रेस कमेटी फतेहाबाद के जिलाध्यक्ष अरविन्द शर्मा ने अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को महिला-विरोधी बताना पूरी तरह भ्रामक, असत्य और राजनीतिक रूप से प्रेरित प्रचार है। श्री शर्मा ने कहा कि वर्ष 2023 में महिला आरक्षण विधेयक सर्वसम्मति से संसद में पारित हुआ, जो इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि सभी दलों ने महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में सहमति दिखाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से महिलाओं को समान अधिकार देने और उनकी राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के पक्ष में रही है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण को परिसीमन और सीटों की संख्या में वृद्धि से जोडऩा अनावश्यक और अनुचित है। इस प्रकार की शर्तें लागू करने से छोटे राज्यों के हित प्रभावित हो सकते हैं और देश के संघीय ढांचे पर भी नकारात्मक असर पड़ सकता है। अरविन्द शर्मा कहा कि सरकार को चाहिए कि वर्तमान लोकसभा और विधानसभा सीटों के आधार पर ही महिला आरक्षण को तुरंत प्रभाव से लागू किया करे। ताकि देश की महिलाओं को बिना किसी विलंब के उनका संवैधानिक अधिकार मिल सके। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा इस मुद्दे को जानबूझकर जटिल बना रही है, जबकि वास्तविक आवश्यकता है कि इसे सरल और प्रभावी तरीके से लागू किया जाए। कांग्रेस पार्टी इस विषय पर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी। यह केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समानता का सवाल है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments