Saturday, June 6, 2026
HomeHaryanaराष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस : मीडिया-जनसंपर्क सामंजस्य को बताया लोकतंत्र की मजबूती का...

राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस : मीडिया-जनसंपर्क सामंजस्य को बताया लोकतंत्र की मजबूती का आधार

फतेहाबाद में विचार गोष्ठी का आयोजन, विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव-
एआई और आधुनिक मीडिया तकनीक पर विशेष जोर
फतेहाबाद 21 अप्रैल 2026(संजीव शर्मा) :  सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, फतेहाबाद द्वारा राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस के अवसर पर मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में मीडिया-जनसंपर्क सामंजस्य विषय पर प्रभावशाली विचार गोष्ठी का आयोजन लघु सचिवालय सभागार में किया गया।
कार्यक्रम में जिला के वरिष्ठ पत्रकारों, विभागीय अधिकारियों, शिक्षाविदों एवं जनसंपर्क विशेषज्ञों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए समसामयिक विषयों पर गहन चर्चा की।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डीसी डॉ. विवेक भारती ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया और जनसंपर्क दोनों ही ऐसे सशक्त स्तंभ हैं, जो शासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि इन दोनों के बीच समन्वय मजबूत हो, तो सरकारी नीतियों, योजनाओं और जनहितकारी पहलों की जानकारी पारदर्शी और प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि आज के सूचना-प्रधान युग में सटीक, तथ्यात्मक और समयबद्ध सूचना का प्रसारण न केवल प्रशासन की विश्वसनीयता को बढ़ाता है, बल्कि नागरिकों के विश्वास को भी सुदृढ़ करता है।
डीसी डा. विवेक भारती ने विशेष रूप से मीडिया प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि वे चल रही स्व-गणना प्रक्रिया के प्रति आमजन में अधिक से अधिक जागरूकता फैलाएं, ताकि अधिकाधिक लोग इस महत्वपूर्ण जनगणना कार्य में भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। उन्होंने कहा कि मीडिया के सहयोग से यह अभियान जन-आंदोलन का रूप ले सकता है।
मुख्य वक्ता के रूप में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के जनसंपर्क निदेशक डॉ. अमित सांगवान ने मीडिया और जनसंपर्क के बदलते स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज का युग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस  और आधुनिक मीडिया तकनीकों का है, जिसने सूचना के निर्माण और प्रसारण के तरीकों को पूरी तरह बदल दिया है। उन्होंने बताया कि एआई आधारित टूल्स, डेटा एनालिटिक्स और डिजिटल प्लेटफॉम्र्स के माध्यम से सूचना को अधिक प्रभावी, लक्षित और त्वरित तरीके से आमजन तक पहुंचाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने यह भी जोर दिया कि तकनीक के इस बढ़ते उपयोग के बीच तथ्यात्मकता, विश्वसनीयता और नैतिकता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि मीडिया की साख कायम रह सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी दिनेश कुमार ने विभाग द्वारा संचालित गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि विभाग निरंतर जनहित से जुड़ी सूचनाओं को समय पर और प्रभावी तरीके से प्रसारित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों के सहयोग को सराहते हुए कहा कि उनके सक्रिय सहयोग से ही सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच पाता है।
कार्यक्रम के दौरान खुला संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें मीडिया प्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच विचारों का आदान-प्रदान हुआ। प्रतिभागियों ने सुझाव दिया कि भविष्य में इस प्रकार के संवादात्मक कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएं, ताकि आपसी समन्वय और अधिक सुदृढ़ हो सके।
इस अवसर पर डीआईपीआरओ सिरसा रामनाथ, एआईपीआरओ डा. विनय बेनीवाल, एआईपीआरओ नरेन्द्र सोनी सहित मीडिया कर्मी उपस्थित रहे।
फोटो : जनसंपर्क दिवस पर लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीसी डॉ. विवेक भारती।
राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यातिथि डीसी डॉ. विवेक भारती को स्मृति चिह्न भेंट करते डीआईपीआरओ दिनेश कुमार। साथ हैं डॉ. अमित सांगवान।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments