गौरव संपत सिंह ने किसान कष्ट निवारण केंद्र का किया शुभारंभ
फसल रजिस्ट्रे्रशन, बायोमेट्रिक सत्यापन और ट्रेक्टर ट्राली की नंबर प्लेट से जुड़ी नई पॉलिसी को बताया किसानों को परेशान करने वाला
फ़तेहाबाद, 03 अप्रैल 2026 (संजीव शर्मा) : इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) द्वारा भट्टू मंडी में आज किसान कष्ट निवारण केंद्र का शुभारंभ किया गया। किसान कष्ट निवारण केंद्र का शुभारंभ इनेलो नेता गौरव संपत सिंह ने किया। इस अवसर पर इनेलो जिलाध्यक्ष बिकर सिंह हड़ोली, सचिव बलविंद्र कौरों, हलका प्रभारी बलदेव दौलतपुर, भारत ढिंगसरा, जीत भाकर, ओमप्रकाश सरपंच, मुंशी सोनी, कुलदीप ढ़ाबी, सुभाष बुड़ानिया, रामसिंह किरढ़ान, कर्म सिंह ठुईंया सहित बड़ी संख्या में इनेलो नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर इनेलो नेता गौरव संपंत सिंह ने कहा कि सरकार लगातार किसान विरोधी फैसले ले रही है। सरकार के इन गलत फैसलों के कारण किसानों को परेशान हो रहे हैं। मंडियों में अपनी फसल लेकर आए किसानों को परेशानी न उठानी पड़े इसके लिए इनेलो द्वारा प्रदेशभर में किसान कष्ट निवारण केंद्र खोलने का निर्णय लिया गया था। इसी कड़ी में आज भट्टू मंडी में किसान कष्ट निवारण केंद्र खोला गया है। यह केंद्र गेहूं और सरसों की फसल के इस सीजन में करीब 1 महीने तक पूरी तरह काम करेंगे। उन्होंने कहा कि यहां मौजूद इनेलो नेता यह देखेंगे कि किसानों को अगर कोई समस्या आ रही है तो वे संबंधित अधिकारियों तक उनकी समस्याओं को केवल पहुंचाएंगे ही नहीं बल्कि समाधान भी करवाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण किसान पहले से ही परेशान हैं। फसल खरीद, बेची गई फसल का भुगतना, फसल रजिस्टे्रशन, बीमा, क्लेम मुआवजे को लेकर किसान पहले से ही परेशान था, अब सरकार ने गेहूं की खरीद पर ट्रैक्टर-ट्राली का नंबर देने, मंडी में जाकर गेट पास लेने, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन कराने और 3 लोग नॉमिनी अनिवार्य होने जैसी शर्तें लगा दी हैं जोकि जमीनी तौर पर संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि मंडी में फसल लेकर आने वाले किसान के लिए गेट पास का समय निर्धारित कर दिया है जबकि यह सुविधा तो 24 घंटे मिलनी चाहिए। उन्होंने सरकार के नए नियमों पर कड़ा विरोध जताते हुए इन्हें सरासर गलत बताया।
गौरव संपत सिंह ने मंडी में अपनी फसल लेकर आने वाले किसानों से आह्वान करते हुए कहा कि यदि उन्हें अपनी फसल बेचने में अगर कोई अनावश्यक देरी होती है अथवा परेशानी होती है तो वे किसान कष्ट निवारण पर आकर अपनी परेशानी यहां मौजूद इनेलो कार्यकर्ताओं को बता सकते हैं, जिसके समाधान के लिए संबंधित अधिकारी से जवाब तलबी तय की जाएगी और समस्या का दूर करवाया जाएगा।






