पटियाला, 19 जून 2026 : पंजाब कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के निदेशक डॉ. गुरजीत सिंह बराड़ के निर्देशों तथा उपायुक्त पटियाला डॉ. हिमांशु अग्रवाल के मार्गदर्शन में मुख्य कृषि अधिकारी पटियाला डॉ. दारा सिंह की टीम द्वारा कृषि उपयोग के लिए सब्सिडी पर उपलब्ध कराई जाने वाली यूरिया खाद के अवैध उपयोग और भंडारण को रोकने के लिए जिले में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।
मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. दारा सिंह ने बताया कि किसानों को सब्सिडी पर उपलब्ध कराई जाने वाली यूरिया खाद का उपयोग यदि फीड फैक्ट्रियों, प्लाईवुड फैक्ट्रियों और रेजिन फैक्ट्रियों में किया जाता है, तो यह सरकारी सब्सिडी का दुरुपयोग है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में कृषि अधिकारी राजपुरा के सहयोग से मैसर्स राम प्रोटीन प्रोडक्ट्स, पहली मंजिल, दुकान नंबर 160, अनाज मंडी राजपुरा के गोदाम जी-1, सैदखेड़ी रोड, डीएवी स्कूल के निकट स्थित परिसर की जांच की गई। जांच के दौरान गोदाम में 1495 बैग तकनीकी ग्रेड यूरिया पाए गए। इन बैगों पर निर्माता, विक्रेता, लॉट नंबर, निर्माण तिथि तथा एमआरपी जैसी अनिवार्य जानकारी अंकित नहीं थी। यह यूरिया बिना किसी लाइसेंस या पंजीकरण के अवैध रूप से गोदाम में संग्रहित की गई थी।
खाद निरीक्षक गुरधियान सिंह तथा कीटनाशक निरीक्षक पुनीत कुमार द्वारा बैगों के नमूने लिए गए। जांच रिपोर्ट के अनुसार इन बैगों में भारत सरकार द्वारा किसानों को कृषि उपयोग के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली नीम-कोटेड यूरिया को तकनीकी ग्रेड यूरिया के नाम पर भरकर संग्रहित किया गया था।
जांच के दौरान यह भी पता चला कि संबंधित फर्म यह यूरिया नई दिल्ली स्थित मैसर्स मंगला केमिकल्स, न्यू रोहतक रोड से खरीदकर पटियाला जिले की विभिन्न फीड फैक्ट्रियों को सप्लाई करने वाली थी।
मामले में कार्रवाई करते हुए खाद निरीक्षक राजपुरा ने थाना खेड़ी गांडियां में आरोपियों के खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985, आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करवाई है।
मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. दारा सिंह ने सभी इनपुट डीलरों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि किसानों के हित में सब्सिडी पर दी जाने वाली खाद के दुरुपयोग संबंधी कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस जांच अभियान के दौरान कृषि विकास अधिकारी अमनप्रीत सिंह संधू तथा रशपिंदर सिंह भी उपस्थित रहे।






