टीम वर्क और समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने के दिए निर्देश
टोहाना 19 जून, 2026 (संजीव शर्मा) : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम आकाश शर्मा ने शुक्रवार को गांव नाढोडी और सनियाना का दौरा कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ, सुपरवाइजर तथा नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम आकाश शर्मा ने बीएलओ, सुपरवाइजर एवं नोडल अधिकारियों से अब तक भरे गए गणना प्रपत्रों की जानकारी ली तथा अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत शेष कार्य को भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य सुचारू एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके।
उन्होंने कहा कि यह एक समयबद्ध एवं महत्वपूर्ण कार्य है। सभी बीएलओ, सुपरवाइजर एवं नोडल अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन सुनिश्चित करें। अभियान की सफलता के लिए टीम वर्क और बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी सहयोग और सामूहिक प्रयासों से कार्य करें, ताकि निर्धारित अवधि में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को नवीन, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसके लिए प्रत्येक पात्र मतदाता का सत्यापन किया जा रहा है तथा आवश्यक विवरण एकत्रित किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से प्रगति की निगरानी करने और किसी भी समस्या का समय पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीओ एवं नोडल अधिकारी मुकेश मेहला, संबंधित सुपरवाइजर, बीएलओ एवं अन्य नोडल अधिकारी मौजूद रहे।






