चंडीगढ़,16 मई 2026: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के साथ आज 72 शिक्षकों के एक दल को प्रशिक्षण के लिए फिनलैंड रवाना किया। ये शिक्षक फिनलैंड में बच्चों को पढ़ाने के आधुनिक तरीकों की विशेष ट्रेनिंग प्राप्त करेंगे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री मान ने कहा कि देश निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले “नेशन बिल्डर्स” यानी शिक्षक नए शिक्षण तरीकों की ट्रेनिंग लेने के लिए रवाना हुए हैं। उन्होंने बताया कि यह अब तक का सबसे बड़ा बैच है और यह दल 29 मई तक फिनलैंड पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले भेजे गए बैचों के सकारात्मक परिणाम भी सामने आने लगे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नीति आयोग द्वारा जारी सर्वेक्षण में पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में पहले स्थान पर आया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार अब तक 234 प्रिंसिपलों और शिक्षा अधिकारियों को पांच दिवसीय लीडरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम के लिए सिंगापुर भेज चुकी है। इस बार 72 प्राथमिक स्तर के शिक्षकों को फिनलैंड के तुर्कू शहर में प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। धूरी विधानसभा क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल के 10 विद्यार्थियों ने 97 और 98 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। वहीं 12वीं कक्षा में पंजाब में प्रथम स्थान हासिल करने वाली तीनों छात्राओं ने 500 में से 500 अंक प्राप्त कर राज्य का नाम रोशन किया है।






