Saturday, June 6, 2026
HomePatialaपानी की बर्बादी करने वालों पर नगर निगम सख्त, मेयर कुंदन गोगिया...

पानी की बर्बादी करने वालों पर नगर निगम सख्त, मेयर कुंदन गोगिया ने चालान काटने के दिए निर्देश

पटियाला, 16 मई, 2026 : शाही शहर पटियाला में बढ़ती गर्मी और पीने के पानी की संभावित कमी को देखते हुए मेयर कुंदन गोगिया ने पानी की बर्बादी रोकने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब शहर में पानी व्यर्थ बहाने वालों के खिलाफ नगर निगम द्वारा जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी और मौके पर ही चालान काटे जाएंगे।

मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि अक्सर लोग अपने घरों के बाहर गलियों और सड़कों पर गाड़ियां खड़ी कर पाइपों से लंबे समय तक पानी बहाकर वाहन धोते हैं, जिससे हजारों लीटर साफ पेयजल बर्बाद हो जाता है। इससे सड़कों पर जलभराव, गंदगी और यातायात में बाधा जैसी समस्याएं भी पैदा होती हैं।

उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी की बर्बादी करने वालों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए और भारी जुर्माना लगाया जाए।

मीडिया से बातचीत के दौरान मेयर ने कहा कि गर्मियों में पानी की मांग बढ़ने से कई इलाकों में लोगों को पानी की कमी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पानी की फिजूलखर्ची करना बिल्कुल उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पानी हर नागरिक की बुनियादी जरूरत है और इसकी बचत करना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।

मेयर ने शहरवासियों से अपील की कि वे पाइप की बजाय बाल्टी का उपयोग करें और घर के अंदर ही गाड़ियों की सफाई करें। उन्होंने कहा कि एक बाल्टी पानी से भी वाहन अच्छी तरह साफ किया जा सकता है। यदि समय रहते पानी की बचत नहीं की गई तो भविष्य में गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है।

उन्होंने बताया कि नगर निगम की विशेष टीमें अलग-अलग वार्डों और क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखेंगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मौके पर ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फोटो कैप्शन: बातचीत के दौरान मेयर कुंदन गोगिया एवं अन्य।

जारीकर्ता:
राजिंदर मोहन (सचिव)
मेयर कार्यालय, पटियाला
83609-66060

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments