नई दिल्ली,16 मई 2026:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के विदेश दौरे के दूसरे चरण के तहत गुरुवार को नीदरलैंड की राजधानी एम्स्टर्डम पहुंचे। भारत और यूरोपीय संघ (EU)के बीच मुक्त व्यापार समझौते को लेकर बढ़ती सक्रियता के बीच यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।प्रधानमंत्री मोदी संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ बैठक के बाद सीधे नीदरलैंड पहुंचे। एम्स्टर्डम एयरपोर्ट पर डच सरकार की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। इस दौरान कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
नीदरलैंड पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर इस दौरे को भविष्य की साझेदारी के लिए अहम बताया। उन्होंने कहा कि भारत और नीदरलैंड के बीच सेमीकंडक्टर, जल प्रबंधन और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की बड़ी संभावनाएं हैं।
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी अपने डच समकक्ष रॉब जेटन के साथ व्यापार, तकनीक और रक्षा सहयोग को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा करेंगे। इसके अलावा वे नीदरलैंड के राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से भी मुलाकात करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी भारतीय समुदाय को संबोधित भी करेंगे। उल्लेखनीय है कि 2017 के बाद यह उनका दूसरा आधिकारिक नीदरलैंड दौरा है।






