कन्हड़ी में जनगणना कार्य को लेकर प्रगणकों के साथ बैठक कर दिए आवश्यक दिशानिर्देश
टोहाना 2 मई, 2026 (संजीव शर्मा) : एसडीएम आकाश शर्मा ने शनिवार को गांव समैण और कन्हड़ी का दौरा कर ‘मकान सूचीकरण और आवास जनगणना’ के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गांव समैण में चल रहे हाउस सर्वे का मौके पर निरीक्षण किया और गांव कन्हड़ी में प्रगणकों के साथ एक समन्वय बैठक आयोजित कर जरूरी दिशानिर्देश दिए।
एसडीएम आकाश शर्मा ने गांव समैण में चल रहे जनगणना कार्य का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के साथ संवाद किया तथा उनके द्वारा एकत्रित किए जा रहे आंकड़ों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना का प्रथम चरण अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए प्रत्येक घर तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए पूरी सूक्ष्मता और पारदर्शिता के साथ जानकारी दर्ज की जाए, ताकि कोई भी परिवार अथवा मकान गणना से वंचित न रहे। उन्होंने कर्मचारियों से निर्धारित समयावधि में कार्य को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ पूर्ण करने का आह्वान किया।
गांव कन्हड़ी में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान एसडीएम आकाश शर्मा ने कर्मचारियों एवं सुपरवाइजर की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली और जरूरी दिशानिर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने डिजिटल माध्यमों एवं मोबाइल ऐप के प्रभावी उपयोग को लेकर आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि तकनीक का सही प्रयोग डेटा प्रविष्टि में मानवीय त्रुटियों की संभावना को न्यूनतम करने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों को टीम भावना एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि जनगणना कार्य निर्धारित समय में सुचारू एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण किया जा सके।
एसडीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि जनगणना कार्य के दौरान आमजन के साथ शालीनता और विनम्रता का व्यवहार रखें। उन्होंने प्रगणकों को कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों को दूर करने के लिए आवश्यक सुझाव दिए और डेटा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
एसडीएम आकाश शर्मा ने क्षेत्र के नागरिकों से आह्वान करते हुए कहा कि वे जनगणना के लिए आने वाले कर्मचारियों को सही और पूर्ण जानकारी प्रदान कर अपना सहयोग दें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन और जनता के सक्रिय सहयोग से टोहाना उपमंडल में मकान सूचीकरण का यह कार्य एक आदर्श रूप में संपन्न होगा। इस अवसर पर संबंधित विभाग के सुपरवाइजर और जनगणना कर्मचारी मौजूद रहे।






