चंडीगढ़, 2 मई 2026: पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार आज 2 मई से अगले पांच दिनों तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने इस संबंध में येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम में इस बदलाव के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पंजाब में औसतन 1.1 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, जो सामान्य से 2.8 डिग्री कम है। सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आज सात जिलों में गरज-तूफान और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में पठानकोट, होशियारपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा और रूपनगर शामिल हैं। कुछ इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
राज्य के सभी जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। 11 जिलों में तापमान 35 से 40 डिग्री के बीच बना हुआ है। अमृतसर में 35.8 डिग्री, लुधियाना में 35.2 डिग्री, पटियाला में 35.6 डिग्री और चंडीगढ़ में 35.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो पहले की तुलना में कम है। पठानकोट का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा।
मौसम विभाग ने किसानों को तेज हवाओं के कारण फसलों को होने वाले नुकसान के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है। अगले पांच दिनों तक मौसम खराब रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिलेगी।






