टोहाना, 15 जून, 2026 (संजीव शर्मा) : टोहाना विधानसभा क्षेत्र के गांव अमानी में हुए दुखद बस हादसे की सूचना मिलते ही राज्यसभा सांसद सुभाष बराला तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों से घटना की जानकारी प्राप्त की तथा घायलों को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सांसद बराला ने सुनिश्चित किया कि सभी घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से तुरंत नागरिक अस्पताल टोहाना पहुंचाया जाए, जहां उनके उपचार की समुचित व्यवस्था की गई। बाद में उन्होंने नागरिक अस्पताल पहुंचकर घायलों एवं उनके परिजनों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सकों को सभी घायलों के बेहतर और प्रभावी उपचार के निर्देश दिए।
इस दौरान सुभाष बराला ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक और हृदय विदारक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
उन्होंने कहा कि ईश्वर दिवंगतों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा उनके परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में वे और प्रशासन पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं तथा हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्पर हैं।






