राज्यसभा सांसद ने आवास पर सुनीं जनशिकायतें, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों की भी दी जानकारी, जनहित योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचाने पर दिया जोर
टोहाना,12 जून, 2026 (संजीव शर्मा) :राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने शुक्रवार को अपने निवास स्थान पर क्षेत्र के नागरिकों, सामाजिक प्रतिनिधियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न गांवों और शहरी क्षेत्रों से आए लोगों ने पेयजल, बिजली, सड़क, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा राजस्व विभाग से संबंधित समस्याएं सांसद के समक्ष रखीं। सुभाष बराला ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से बातचीत की और मामलों का पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सांसद सुभाष बराला ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सुशासन की वास्तविक पहचान नागरिकों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने में है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है कि किसी भी व्यक्ति को अपने वैध कार्यों के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े तथा प्रत्येक शिकायत का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा में किया जाए।
सांसद ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने आधारभूत ढांचे, डिजिटल सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और आर्थिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का उद्देश्य केवल विकास कार्यों को गति देना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें सशक्त बनाना है।
सांसद ने कहा कि जनता का विश्वास लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है और उनकी समस्याओं का समाधान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को आगे भी पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ गति दी जाती रहेगी। सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है और इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।






