पटियाला, 15 जून, 2026: नगर निगम पटियाला की वित्त एवं अनुबंध समिति (एफएंडसीसी) की महत्वपूर्ण बैठक में शहर के समग्र विकास और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की गई। बैठक की अध्यक्षता मेयर कुंदन गोगिया और नगर निगम कमिश्नर परमजीत सिंह ने की।
बैठक में शहर की सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने, नई सड़कों के निर्माण, स्ट्रीट लाइटों की स्थापना, जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा विभिन्न वार्डों में लंबित विकास कार्यों को गति देने संबंधी कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए। इसके अलावा धार्मिक स्थलों, पार्कों, कम्युनिटी सेंटरों और सार्वजनिक स्थानों के सौंदर्यीकरण को भी मंजूरी दी गई।
मेयर कुंदन गोगिया ने बताया कि विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाली बी.एस. बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे दो वर्षों के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। साथ ही उसकी बैंक गारंटी और जमानत राशि जब्त कर संबंधित कार्यों के दोबारा टेंडर जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनता के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
कमिश्नर परमजीत सिंह ने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नालों एवं मुख्य सीवर लाइनों की सफाई, नई स्ट्रीट लाइटें लगाने, हेरिटेज स्ट्रीट के विकास, विभिन्न वार्डों में सड़क निर्माण तथा नए ट्यूबवेल लगाने जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। इसके अलावा कम्युनिटी सेंटरों और धर्मशालाओं के नवीनीकरण के लिए भी विशेष बजट स्वीकृत किया गया है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शहर के कई क्षेत्रों में सीवरेज और पेयजल से जुड़े लंबे समय से लंबित ‘मिसिंग लिंक’ कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाएगा ताकि लोगों को जलभराव और गंदे पानी की समस्या से राहत मिल सके।
मेयर कुंदन गोगिया और कमिश्नर परमजीत सिंह ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य पटियाला को स्वच्छ, सुंदर, आधुनिक और सुविधाओं से युक्त शहर बनाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे करवाए जाएंगे ताकि शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।






