एसडीएम आकाश शर्मा ने दिखाई हरी झंडी, 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में अधिकाधिक भागीदारी का किया आह्वान
टोहाना, 15 जून, 2026 (संजीव शर्मा) : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे पखवाड़ा कार्यक्रमों के अंतर्गत सोमवार को उपमंडल टोहाना में एक भव्य “योगा-वॉकथॉन” का आयोजन किया गया। योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस वॉकथॉन को टोहाना के एसडीएम आकाश शर्मा ने स्थानीय अंबेडकर चौक से झंडी दिखाकर रवाना किया।
स्वास्थ्य और जागरूकता का संदेश देती यह वॉकथॉन अंबेडकर चौक से प्रारंभ होकर रतिया रोड स्थित चार-साहिबजादे द्वार तक पहुंची। रैली में आयुष विभाग के अधिकारियों, योग प्रशिक्षकों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने योग अपनाने, स्वस्थ रहने और नशामुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने संबंधी संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
इस अवसर पर एसडीएम आकाश शर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य देन है, जिसने आज पूरे विश्व में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का विज्ञान है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त, ऊर्जावान और स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है और आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस दुनिया के अधिकांश देशों में उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वयं के साथ-साथ समाज को भी स्वस्थ बनाने में योगदान दें।
आयुष विभाग की डॉ. स्वाती शर्मा ने बताया कि आगामी 21 जून को उपमंडल स्तर पर 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए आयुष विभाग द्वारा लगातार जागरूकता अभियान, योग प्रशिक्षण शिविर, योग प्रोटोकॉल अभ्यास सत्र, योगा-वॉकथॉन तथा विभिन्न जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को योग से जोड़ना तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी नागरिकों से 21 जून को आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने और योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने की अपील की।






