फतेहाबाद 02 जून, 2026 (संजीव शर्मा) : एमएम कॉलेज से निलम्बित किए गए कर्मचारियों ने न्याय की मांग को लेकर आज कॉलेज के बाहर सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। एमएम कॉलेज में सुपरवाईजर रहे विनोद कुमार के नेतृत्व में माली रवि कुमार व संदीप, सेवादार संतोष व भीम, चौकीदार राजेश, सफाई कर्मचारी भूप सिंह, कलर्क कविता ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी सालों से एमएम कॉलेज में कार्यरत थे। चतुर्थ श्रेणी की नौकरी से ही वह अपने घर का पालन पोषण कर रहे थे, लेकिन मैनेजमेंट ने उन्हें गैर कानूनी ढंग से नौकरी से निष्काशित कर दिया।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष सभी कर्मचारियों ने एकमत होकर मुख्यमंत्री से मानदेय बढ़ाने के लिए गुहार लगाई थी। इसी बात क्षुब्ध होकर मैनेजमैंट के पदाधिकारियों ने चतुर्थ श्रेणी के वरिष्ठ कर्मचारियों को निकालकर कनिष्ठ कर्मचारियों को रख लिया है, जोकि अन्यायपूर्ण हैं। नौकरी चले जाने से अब उनके परिवार को रोजी रोटी के लिए भटकना पड़ेगा। धरना दे रहे कर्मचारियों ने मैनेजमेंट के सदस्यों पर ड्युटी टाईम में अपने घरों के निजी काम करवाने के गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी उनके घरों के काम करने को राजी होते हैं, उन्हें ही प्राथमिकता दी जाती है, फिर वे चाहें कॉलेज का काम करें या ना करें। कई कर्मचारियों से घरों का काम सालों से मुफ्त में करवाया जा रहा था। जब इस बाबत सभी कर्मचारियों ने एकमत होकर आवाज उठाई तो उन्हें बेवजह निलम्बित कर दिया गया। सभी कर्मचारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उन्हें वापिस नौकरी पर नहीं रखा गया तो वह भूख हड़ताल करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।






