नई दिल्ली, 03 जून 2026 : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने बुधवार को उन खबरों पर स्पष्टीकरण जारी किया, जिनमें कहा जा रहा था कि सत्यापन (Verification) और पुनर्मूल्यांकन (Re-evaluation) पोर्टल पर भुगतान केवल भारतीय स्टेट बैंक (SBI), केनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और इंडियन बैंक के खाताधारक ही कर सकते हैं।
सीबीएसई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में स्पष्ट किया कि छात्रों को भुगतान करने के लिए इन बैंकों में खाता होना आवश्यक नहीं है। उम्मीदवार पोर्टल पर उपलब्ध भुगतान गेटवे के माध्यम से यूपीआई (UPI), नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड जैसी विभिन्न ऑनलाइन भुगतान सुविधाओं का उपयोग कर सकते हैं।
बोर्ड ने कहा कि सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन पोर्टल पर SBI, केनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और इंडियन बैंक के पेमेंट गेटवे उपलब्ध हैं, लेकिन भुगतान के लिए इन बैंकों में खाता होना जरूरी नहीं है। छात्र किसी भी बैंक खाते या ऑनलाइन भुगतान माध्यम से शुल्क जमा कर सकते हैं।
सीबीएसई के अनुसार, बुधवार सुबह 9:30 बजे तक लगभग 40 हजार छात्रों ने इस सुविधा का उपयोग करते हुए सफलतापूर्वक आवेदन प्रक्रिया पूरी कर ली थी और किसी प्रकार की तकनीकी समस्या सामने नहीं आई।
बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों से केवल सीबीएसई की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील भी की।
यह स्पष्टीकरण उस समय आया जब दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अतिशी ने आरोप लगाया था कि पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन शुल्क का भुगतान केवल चार सरकारी बैंकों के खातों के माध्यम से ही किया जा सकता है। उन्होंने इस मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की आलोचना की थी।
गौरतलब है कि सीबीएसई कक्षा 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में कथित अनियमितताओं और भुगतान पोर्टल पर तकनीकी समस्याओं को लेकर पहले से ही विवादों में घिरा हुआ है।