Friday, June 5, 2026
HomePunjabनशों के खिलाफ अभियान के तहत संगरूर जिले में 115 मामले दर्ज,...

नशों के खिलाफ अभियान के तहत संगरूर जिले में 115 मामले दर्ज, 163 आरोपी गिरफ्तार

संगरूर, 2 जून 2026 : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संगरूर डॉ. रवजोत ग्रेवाल ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि जिला पुलिस संगरूर द्वारा “युद्ध नशों के विरुद्ध” और “पिंडों के पहरेदार” अभियान के तहत 1 मई 2026 से 31 मई 2026 तक व्यापक कार्रवाई की गई।
इस दौरान नशीले पदार्थों से संबंधित 81 मामले दर्ज कर 126 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 665 ग्राम हेरोइन, 103 किलोग्राम भुक्की चूरा पोस्त, 25 नशीले इंजेक्शन और 1,973 नशीली गोलियां बरामद कीं।
अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 34 मामले दर्ज किए गए और 37 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 495.750 लीटर देसी ठेका शराब, 99.750 लीटर अवैध शराब, 24.750 लीटर अंग्रेजी शराब तथा 1,120 लीटर लाहन बरामद की गई।
इसके अतिरिक्त आर्म्स एक्ट के तहत 2 मामले दर्ज कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 3 पिस्तौल और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
जुआ एक्ट के तहत 2 मामले दर्ज कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 3,830 रुपये बरामद किए गए। इसी अवधि के दौरान 6 भगोड़ों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने थाना सिटी धूरी, भवानीगढ़ और लहरा क्षेत्र में चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 16 तोला सोना, 14 किलो 500 ग्राम तांबा, 2 मोटरसाइकिल, 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 6,000 रुपये बरामद किए।
इसी तरह थाना सदर संगरूर, सिटी-1 संगरूर और दिड़बा क्षेत्र में लूट, स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं में शामिल 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 2 देसी पिस्तौल, 2 कारें, 2 मोटरसाइकिल, 1 स्कूटी, 3 मोबाइल फोन और 7,450 रुपये बरामद किए गए।
थाना सिटी संगरूर क्षेत्र में एक युवक की हत्या के मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं थाना मूनक और लोंगोवाल पुलिस ने 2 नशा तस्करों की 3.55 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज करवाई।
एसएसपी डॉ. रवजोत ग्रेवाल ने आम जनता से भी नशा विरोधी अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि पंचायतों, खेल क्लबों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठकें कर लोगों को नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस अवधि के दौरान विभिन्न राजपत्रित अधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा 155 गांवों और शहरों में जनसभाएं एवं बैठकें आयोजित कर युवाओं को नशों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया तथा लोगों को नशा तस्करों की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। नशों के खिलाफ यह जंग लगातार जारी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments