मोगा, 31 मई 2026: मोगा के कोटकपूरा बाईपास पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक महिला और उसके 6 माह के बेटे की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक दंपति अपने गांव चंद नवा से किसी काम के लिए मोगा आ रहा था।
जानकारी के अनुसार, गांव चंद नवा निवासी लखबीर सिंह अपनी पत्नी ज्योति और बच्चों के साथ मोटरसाइकिल पर मोगा जा रहे थे। जब वे विश्वकर्मा चौक के पास पहुंचे तो सड़क पर बने सीवरेज मैनहोल का ढक्कन सड़क के स्तर के बराबर न होने के कारण मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया।
मोटरसाइकिल अनियंत्रित होने से लखबीर सिंह की पत्नी ज्योति और उनका 6 माह का बेटा मनवीर सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को निजी वाहन की सहायता से सिविल अस्पताल मोगा पहुंचाया।
अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने बच्चे मनवीर सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल ज्योति को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
परिजनों ने हादसे के लिए सड़क पर बने ऊंचे सीवरेज मैनहोल को जिम्मेदार ठहराया है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।






