खन्ना, 29 मई (छत्रपाल सिंह): देश की सरहदों पर मुस्तैदी से तैनात सेना (Army) और अर्धसैनिक बलों (Paramilitary Forces) के जवानों के लिए एक बहुत ही राहत भरी और अच्छी खबर सामने आई है। अब देश के जवानों को अपने गृह जिलों में चल रहे पुलिस विभाग से संबंधित मामलों और शिकायतों के निपटारे के लिए सीमाओं से विशेष रूप से छुट्टी लेकर घर आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
पुलिस जिला खन्ना द्वारा देश के जवानों की सुविधा और उन्हें ड्यूटी के दौरान ही त्वरित न्याय मुहैया कराने के लिए एक अनूठी और बेहद सराहनीय पहल की गई है।
“सैनिक समाधान उपराला” मुहिम की शुरुआत
खन्ना की वरिष्ठ पुलिस कप्तान (SSP) डॉ. दर्पण अहलूवालिया के नेतृत्व में “सैनिक समाधान उपराला” नामक एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य देश की रक्षा में चौबीसों घंटे तैनात जवानों की मानसिक चिंताओं को दूर करना है, ताकि वे बिना किसी पारिवारिक तनाव या परेशानी के देश सेवा में अपना योगदान दे सकें।
एसएसपी डॉ. दर्पण अहलूवालिया का विजन: इस डिजिटल कदम से सरहद पर बैठे जवानों का समय और पैसा दोनों बचेंगे। ड्यूटी पर तैनात रहते हुए ही उनके घरेलू और पुलिस से जुड़े मसले हल हो जाएंगे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए होगी सीधी सुनवाई
इस नई डिजिटल व्यवस्था के तहत सेना और अर्धसैनिक बलों के जवान अब अपनी शिकायतों की पैरवी और सुनवाई सीधे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कर सकेंगे।
शिकायत और सुनवाई का तरीका:
-
ई-मेल के जरिए शिकायत: देश के सैनिक सोमवार से लेकर शुक्रवार तक किसी भी दिन अपनी शिकायत ई-मेल के माध्यम से खन्ना पुलिस को भेज सकते हैं।
-
शनिवार को विशेष अदालत: सप्ताह भर में प्राप्त हुईं इन शिकायतों पर सिर्फ शनिवार वाले दिन विशेष रूप से दो घंटे वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सीधी सुनवाई की जाएगी।






