नई दिल्ली/चंडीगढ़, 27 मई 2026: भारतीय खेल जगत और ओलंपिक आंदोलन के लिए बुधवार का दिन बेहद दुखद रहा। पूर्व स्टार निशानेबाज, अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल प्रशासक और पांच बार के ओलंपियन राजा रणधीर सिंह का 79 वर्ष की आयु में नई दिल्ली में निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। राजा रणधीर सिंह का संबंध पटियाला के शाही परिवार से था और वह पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह के चचेरे भाई थे।
परिवारिक सूत्रों के अनुसार राजा रणधीर सिंह को कुछ समय पहले ब्रेन स्ट्रोक आया था, जिसके बाद उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों के लगातार प्रयासों के बावजूद वह स्वस्थ नहीं हो सके और बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
राजा रणधीर सिंह ने भारतीय खेल इतिहास में लंबा और गौरवपूर्ण सफर तय किया। उन्होंने निशानेबाजी में पांच बार ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। खेलों में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। खिलाड़ी जीवन से संन्यास लेने के बाद उन्होंने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक संगठनों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं और एक सफल खेल प्रशासक के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई।पंजाब शूटिंग एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष गुरबीर सिंह संधू ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि राजा रणधीर सिंह ने भारतीय खेलों को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाई। उनके निधन से खेल जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।परिवार के अनुसार राजा रणधीर सिंह का अंतिम संस्कार गुरुवार को हरिद्वार में किया जाएगा,जहां खेल जगत, राजनीतिक क्षेत्र और शाही परिवार से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी।






