Sunday, June 7, 2026
HomeUncategorizedजालंधर में कार चालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, गर्दन में गोली लगने से...

जालंधर में कार चालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, गर्दन में गोली लगने से युवक गंभीर घायल

जालंधर, 27 मई 2026: जालंधर के सूच्ची गांव में बाइक सवार बदमाशों द्वारा एक कार चालक पर गोलियां चलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमलावरों ने युवक पर चार राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली उसकी गर्दन में जा लगी। घटना में लाडेवाली निवासी अनमोल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे अमृतसर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से दो खाली खोल तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायल अनमोल की मां बलजीत कौर ने बताया कि उनके बेटे की कुछ स्थानीय युवकों के साथ लंबे समय से रंजिश चल रही थी और आरोपी पिछले कुछ समय से उसकी रेकी कर रहे थे। इसी कारण अनमोल ने अपने जिम जाने का समय शाम 6 बजे से बदलकर रात 9 बजे कर दिया था।
उन्होंने बताया कि रात करीब 10 बजे अनमोल जिम से कार में घर लौट रहा था। जब वह सूच्ची गांव के पास पहुंचा तो दो बाइक सवार हमलावरों ने उस पर पिस्तौल से ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलीबारी की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिवार ने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले सूच्ची गांव में मनदीप नामक युवक की हत्या हुई थी, जिसमें बल्ली नाम के व्यक्ति ने उनके बेटे को झूठे केस में फंसाया था। परिवार के मुताबिक जब अनमोल घर लौट रहा था, तब बल्ली, बब्बू, मुकेश, गोली और अन्य अज्ञात युवकों ने उसकी कार का पीछा कर उसे घेर लिया और फायरिंग कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही संयुक्त पुलिस आयुक्त संदीप शर्मा और डीसीपी मनप्रीत ढिल्लों मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। संयुक्त आयुक्त संदीप शर्मा ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं मौके पर पहुंचे एसीपी आकर्षी जैन ने कहा कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गोलीबारी पुरानी रंजिश के चलते हुई है। पुलिस परिवार के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments