प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘राष्ट्र प्रथम’ के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील
फतेहाबाद 15 अप्रैल, 2026: भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व संसदीय सचिव एवं फतेहाबाद के पूर्व विधायक दुड़ाराम ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘राष्ट्र प्रथम’ के आह्वान के परिप्रेक्ष्य में ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने का संदेश दिया। दुड़ाराम ने कार्यालय से घर तक ई-रिक्शा से यात्रा कर आमजन को सार्वजनिक परिवहन माध्यम अपनाने के लिए प्रेरित किया।
दुड़ाराम ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और ईंधन की खपत को देखते हुए स्वच्छ ऊर्जा को अपनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी पर्यावरण संरक्षण में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि ईंधन बचत केवल आर्थिक दृष्टि से ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से भी जुड़ा विषय है। यदि आज हम पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।
दुड़ाराम ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें, ऊर्जा संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, स्वस्थ और हरित भारत के निर्माण का सपना साकार किया जा सकता है।






