Friday, June 5, 2026
HomeHaryanaबीजेपी जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने बरसीन में 60 लाख रुपये की विकास...

बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने बरसीन में 60 लाख रुपये की विकास परियोजनाओं का किया शुभारंभ

फ़तेहाबाद, 13 मई, 2026 (संजीव शर्मा): 15वीं केंद्रीय वित्त आयोग की ग्रांट के अंतर्गत जिला परिषद फतेहाबाद के माध्यम से ग्राम पंचायत बरसीन में लगभग 60 लाख रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। इन कार्यों में गांव के जोहड़ से संबंधित विकास कार्य एवं नई सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य शामिल है। विकास कार्यों का विधिवत उद्घाटन बीजेपी जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडवोकेट सुभाष खीचड़ ने की।

इस अवसर पर एडवोकेट प्रवीण जोड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास अब केवल शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों की गलियों, चौपालों, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि 15वीं केंद्रीय वित्त आयोग की ग्रांट के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। बरसीन गांव में लगभग 60 लाख रुपये की लागत से शुरू होने वाले ये विकास कार्य गांव के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होंगे। जोहड़ से जुड़े कार्य जल संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संतुलन को मजबूत करेंगे, वहीं नई सीवरेज लाइन से ग्रामीणों को गंदे पानी की समस्या से राहत मिलेगी।

प्रवीण जोड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार की सोच है कि गांव मजबूत होंगे तो देश मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि गांवों में रहने वाले लोगों को भी शहरों जैसी मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए और इसी उद्देश्य के साथ केंद्र एवं प्रदेश सरकार लगातार विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने कहा कि बरसीन गांव में शुरू हुए ये कार्य केवल निर्माण परियोजनाएं नहीं बल्कि गांव के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। स्वच्छता, बेहतर जल निकासी और सार्वजनिक संसाधनों का विकास आने वाली पीढ़ियों के लिए भी लाभकारी सिद्ध होगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे एडवोकेट सुभाष खीचड़ ने कहा कि गांव में शुरू हुए ये विकास कार्य ग्रामीणों की मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़े हुए हैं। जिला परिषद फतेहाबाद द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जा रहा है। जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी ने बताया कि इस अवसर पर सरपंच विकास कंबोज, ब्लॉक समिति अध्यक्ष पूजा मेहता, सविता टुटेजा, भीम लांबा सहित पार्टी पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गांव बरसीन के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ग्रामवासियों ने विकास कार्यों के लिए भाजपा नेतृत्व, जिला परिषद फतेहाबाद एवं ग्राम पंचायत बरसीन का आभार व्यक्त किया।`

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments