गाजियाबाद ,9 मई 2026: गाजियाबाद के पटेल नगर इलाके में शनिवार तड़के करीब 3:15 बजे एक एसी सर्विस सेंटर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि तीन मंजिला इमारत इसकी चपेट में आ गई और अंदर रखे गैस सिलेंडरों व कंप्रेसरों में लगातार धमाके होने लगे, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आठ फायर टेंडरों की मदद से आग पर काबू पाया गया। हादसे में 80 वर्षीय त्रिलोकीनाथ की मौत हो गई, जबकि दो कारें और 10 बाइक जलकर खाक हो गईं।
फायर अधिकारियों के अनुसार, आग से आसपास के मकानों को भी खतरा पैदा हो गया था, लेकिन समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया।






