चंडीगढ़, 8 मई 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत राज्य में सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य उत्पाद सुनिश्चित करने के लिए फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) पंजाब ने दो दिवसीय विशेष अभियान चलाकर दूध के नमूने एकत्र किए।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के निर्देशों और एफडीए पंजाब के कमिश्नर कंवलप्रीत बराड़ की निगरानी में चलाए गए इस अभियान के तहत राज्यभर में तड़के नाके लगाए गए। इस दौरान डेयरी फार्म, कलेक्शन सेंटर, प्रोसेसिंग यूनिट और रिटेल दुकानों से दूध के 200 सैंपल लिए गए।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए मान्यता प्राप्त स्टेट फूड लैबोरेटरी भेजा गया है, जहां मिलावट, अशुद्धियों और गुणवत्ता मानकों की जांच की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले फूड बिजनेस ऑपरेटरों के खिलाफ फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. बलबीर सिंह ने लोगों से अपील की कि वे खाद्य पदार्थों में मिलावट के किसी भी संदिग्ध मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को दें। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार मिलावटी दूध के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और आने वाले हफ्तों में भी यह अभियान जारी रहेगा ताकि “स्वस्थ और रंगला पंजाब” सुनिश्चित किया जा सके।
एफडीए कमिश्नर कंवलप्रीत बराड़ ने कहा कि फूड सेफ्टी अधिकारी कानून लागू करने के साथ-साथ डेयरी संचालकों और विक्रेताओं को स्वच्छता, सुरक्षित हैंडलिंग और उचित स्टोरेज के प्रति भी जागरूक कर रहे हैं।






