सरे (कनाडा), 03 मई 2026: कनाडा के सरे शहर में स्थित एक मशहूर कैफे और बार में हुई गोलीबारी ने सनसनी फैला दी है। इस हमले की जिम्मेदारी एक नामी गैंग ने ली है, जिसने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर न केवल घटना को स्वीकार किया बल्कि मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा को भी खुली धमकी दी है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, सरे की 120वीं स्ट्रीट पर स्थित “चाय सुट्टा बार” कैफे पर फायरिंग की गई। बताया जा रहा है कि यह कैफे कपिल शर्मा के “कैप्स कैफे” के बिल्कुल पास स्थित है। घटना के बाद गैंग ने फेसबुक पर पोस्ट साझा कर इसकी जिम्मेदारी ली।
सोशल मीडिया पोस्ट में गैंग ने कहा कि यह फायरिंग केवल एक चेतावनी है। उन्होंने धमकी भरे लहजे में कहा कि संबंधित लोगों को उनके निर्देशों का पालन करना होगा, अन्यथा “चाय सुट्टा बार” को बंद करवा दिया जाएगा। पोस्ट में यह भी लिखा गया कि अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो आगे और गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
चौंकाने वाली बात यह रही कि पोस्ट में कपिल शर्मा को सीधे तौर पर निशाना बनाया गया। गैंग ने उन्हें चेतावनी दी कि वे उनका समय बर्बाद न करें, अन्यथा उनके कैफे पर दोबारा हमला हो सकता है। साथ ही यह भी धमकी दी गई कि इस बार उनके मुंबई स्थित घर को भी निशाना बनाया जा सकता है और किसी की सिफारिश काम नहीं आएगी।
गैंग की पोस्ट में लिखा था, “सभी भाइयों को राम-राम, आज रात सरे के चाय सुट्टा बार में हुई फायरिंग हमारे संदेश का हिस्सा है। साफ संदेश है—लाइन में आओ, नहीं तो कैफे बंद करवा देंगे।” पोस्ट में कई आपराधिक गिरोहों से जुड़े हैशटैग भी इस्तेमाल किए गए, जिससे धमकी की गंभीरता और बढ़ गई है।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और मामले की जांच तेज कर दी गई है। बताया जा रहा है कि भारतीय एजेंसियां भी कनाडाई अधिकारियों के संपर्क में हैं। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की गहन जांच जारी है।






