एंजेल्स सिटी (फिलीपींस) , 25 मई 2026: उत्तरी फिलीपींस के एंजेल्स सिटी में निर्माणाधीन नौ मंजिला होटल के ढहने के बाद चलाए जा रहे राहत एवं बचाव अभियान के दौरान सोमवार तड़के दो और मजदूरों के शव मलबे से बरामद किए गए। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है, जबकि 17 अन्य लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार पंपांगा प्रांत में आपातकालीन बचाव दल ने कंक्रीट की भारी स्लैबों, मुड़ी हुई लोहे की सरियों और एल्यूमीनियम की छड़ों के ढेर के बीच फंसे भवन के हिस्से से मजदूरों के शव निकाले।
जानकारी के मुताबिक बचाव अभियान के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बेहद दर्दनाक दृश्य देखा। फायर ब्रिगेड और पुलिस की निगरानी में सैकड़ों बचावकर्मी घंटों तक लगातार राहत कार्य में जुटे रहे।
बताया गया कि दो मजदूरों को बाहर निकालने के लिए लंबे समय तक प्रयास किए गए। दोनों मजदूर जीवित थे, लेकिन वे भारी कंक्रीट स्लैबों और लोहे की सरियों के नीचे बुरी तरह फंसे हुए थे।
अधिकारियों ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है और मलबा हटाने का काम तेज़ी से किया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।