लुधियाना, 1 मई 2026: पंजाब के प्रमुख औद्योगिक घरानों में से एक ट्राइडेंट ग्रुप के धौला स्थित कॉम्प्लेक्स पर राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने शुक्रवार को अचानक छापा मारा। करीब दो घंटे से अधिक समय तक चली इस कार्रवाई में अधिकारियों की टीम ने प्लांट और जरूरी दस्तावेजों की जांच की।
जानकारी के मुताबिक, करीब 10 अधिकारियों की टीम 3-4 वाहनों में मौके पर पहुंची और फैक्ट्री परिसर में गहन जांच शुरू की, जिससे उद्योग और राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है।
गौरतलब है कि ट्राइडेंट ग्रुप के संस्थापक राजिंदर गुप्ता हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। यह कार्रवाई उनके राजनीतिक बदलाव के कुछ ही दिनों बाद हुई है, जिससे इस छापे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हलफनामे के अनुसार, राजिंदर गुप्ता 10वीं पास हैं, जबकि उनका परिवार लगभग 5053 करोड़ रुपये की संपत्ति का मालिक है और परिवार पर कोई कर्ज नहीं है।
फिलहाल जांच जारी है और अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।






