Friday, June 5, 2026
HomePunjabश्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी विरोधी सख्त कानून लागू होने पर...

श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी विरोधी सख्त कानून लागू होने पर लहरा हलके में 35 स्थानों पर धन्यवाद समागम — बरिंदर गोयल

जागृत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) कानून 2026 लागू होने से अब कोई बेअदबी करने की हिम्मत नहीं करेगा : बरिंदर गोयल

कहा, भगवंत मान सरकार ने ऐतिहासिक फैसला लेकर बेअदबी के लिए उम्रकैद की सजा निर्धारित की

खनौरी/लहरागागा/संगरूर, 26 अप्रैल, 2026 : पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के खिलाफ सख्त कानून लागू किए जाने की खुशी में लहरा हलके के 35 स्थानों पर श्री सुखमनी साहिब के पाठ करवा कर धन्यवाद अरदास समागम आयोजित किए गए। इस अवसर पर संगत द्वारा कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल को सिरोपाओ देकर सम्मानित किया गया।

पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर गोयल ने खनौरी के दोनों गुरुद्वारा साहिबानों में माथा टेककर धन्यवाद अरदास में भाग लिया। इस मौके पर श्री गोयल ने बताया कि इस निर्णायक कदम के तहत भगवंत मान सरकार ने बेअदबी के लिए उम्रकैद की सजा का प्रावधान किया है, जिससे यह देश के सबसे सख्त कानूनों में से एक बन गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुए बेअदबी के लिए उम्रकैद की सजा और 25 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया है, जिससे अब कोई भी इस तरह का कृत्य करने की हिम्मत नहीं करेगा।

कानून के बारे में जानकारी देते हुए बरिंदर गोयल ने बताया कि कानून का उल्लंघन करने पर 5 साल की सजा, श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी पर 7 से 20 साल की सजा तथा धार्मिक सद्भावना भंग करने पर 10 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में तेज जांच, आरोपियों को जमानत न देने और 20 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान भी किया गया है।

बरिंदर गोयल ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब हमारे जगत गुरु हैं और हम इन्हें श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के आदेश अनुसार अपना गुरु मानते हैं, इसलिए इनकी बेअदबी को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पहले अक्सर यह कहा जाता था कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ है, लेकिन अब ऐसे मामलों में आरोपी के अभिभावक और परिवार को भी बराबर का दोषी माना जाएगा। इसके अलावा बेअदबी में सहायता करने वालों को भी संशोधित कानून के तहत मुख्य आरोपी के बराबर सजा और जुर्माना होगा।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अकाली-भाजपा और कांग्रेस ने गुरु साहिब के नाम पर वोट मांगे, जबकि ‘आप’ सरकार ने पालकी साहिब ले जाने वाले वाहनों पर भी टैक्स माफ किया है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने जानबूझकर कानून में कमियां छोड़ीं, जिस कारण यह बिल चार बार आने के बावजूद पास नहीं हो सका, लेकिन मान सरकार ने इसे लागू कर संगत की भावनाओं का सम्मान किया है।

बरिंदर गोयल ने कहा कि ‘आप’ सरकार ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पवित्रता बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए हैं और यह सुनिश्चित किया है कि भविष्य में कोई भी ऐसा अपराध करने की हिम्मत न करे। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व, देश और पंजाब में सिख संगत द्वारा गुरु साहिब का धन्यवाद किया जा रहा है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगत और क्षेत्र के लोगों ने भाग लिया।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments