देहरादून, 04 अप्रैल 2026: उत्तराखंड के केदारनाथ घाटी में एक बार फिर बर्फबारी शुरू हो गई है, जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ गई है। वहीं उत्तरकाशी, टिहरी, नैनीताल और अल्मोड़ा जिलों में बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
इसके अलावा चंपावत, पौड़ी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, उधम सिंह नगर और देहरादून में बादल छाए हुए हैं, जिससे पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है।
मौसम विभाग ने राज्य के सात जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और छह जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्रों में ओलावृष्टि, तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे (कुछ स्थानों पर 60 किमी/घंटा तक) की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
हालांकि, कल के लिए किसी भी जिले में विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है। साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों (3300 मीटर से ऊपर) में बर्फबारी और दूर-दराज के क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है।
वहीं, मैदानी जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार जताए गए हैं।






