कोलंबो, 16 फरवरी 2026 : टी-20 विश्व कप 2026 के महामुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से करारी शिकस्त दी। सभी विवादों और ड्रामे के बाद आखिरकार यह मुकाबला खेला गया, जिसमें टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को आईना दिखा दिया। टूर्नामेंट के इतिहास में रनों के लिहाज से पाकिस्तान के खिलाफ यह भारत की सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है।
टी-20 विश्व कप के इतिहास में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 9 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें से 8 बार भारत ने जीत हासिल की है, जबकि पाकिस्तान सिर्फ एक बार ही सफल हो पाया है। हाल ही में जिस मुकाबले का फैंस को बेसब्री से इंतजार था, वह मैच भी एकतरफा अंदाज में खत्म हुआ।
इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सुपर-8 राउंड के लिए क्वालीफाई कर लिया है। टीम ने लगातार तीन मुकाबले जीतकर ग्रुप-ए की अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।
कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रनों पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने सर्वाधिक 44 रन बनाए।
भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पांड्या ने 2-2 विकेट झटके।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए। ईशान किशन ने 40 गेंदों पर 77 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 रनों का योगदान दिया।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पाकिस्तान के खिलाफ इस शानदार जीत के लिए टीम इंडिया को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि भारत ने टी-20 विश्व कप के मुकाबले में पाकिस्तान को 61 रनों के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की है। लगातार तीन मैच जीतकर भारतीय टीम ग्रुप-ए की अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है और सुपर-8 में क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बन गई है। उन्होंने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि आप सभी देश का गौरव हैं।






