अहमदाबाद, 31 मई 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का फाइनल मुकाबला आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें इस सीजन की सबसे मजबूत और लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीमों में शामिल रही हैं। खिताबी मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा।
आईपीएल इतिहास में आरसीबी और गुजरात टाइटंस अब तक नौ बार आमने-सामने आ चुके हैं। हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में आरसीबी का पलड़ा भारी है, जिसने पांच मुकाबलों में गुजरात को हराया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भी दोनों टीमों का शानदार रिकॉर्ड रहा है। पिछले वर्ष आरसीबी ने इसी मैदान पर पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था, जबकि गुजरात टाइटंस ने 2022 में अपने डेब्यू सीजन में इसी मैदान पर राजस्थान रॉयल्स को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी।
गुजरात टाइटंस को पहले क्वालीफायर में आरसीबी के हाथों 92 रन की करारी हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि कप्तान शुभमन गिल के शानदार शतक की बदौलत टीम ने क्वालीफायर-2 में जोरदार वापसी करते हुए राजस्थान को हराकर फाइनल में जगह बनाई। शुभमन गिल इस सीजन शानदार फॉर्म में हैं और आरसीबी के लिए सबसे बड़ा खतरा माने जा रहे हैं।
दूसरी ओर, आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार भी बेहतरीन लय में हैं। उन्होंने पहले क्वालीफायर में दबाव के बीच केवल 33 गेंदों पर 93 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। पाटीदार की आक्रामक बल्लेबाजी गुजरात के गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है।
फाइनल में मुकाबले का सबसे दिलचस्प पहलू गुजरात की सलामी जोड़ी शुभमन गिल और साई सुदर्शन बनाम आरसीबी के अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड का रहेगा। गिल और सुदर्शन इस सीजन की सबसे सफल ओपनिंग जोड़ी रहे हैं और यदि आरसीबी को खिताब बचाना है तो उन्हें जल्द आउट करना होगा।
संभावित प्लेइंग इलेवन
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु:
वेंकटेश अय्यर, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार।
गुजरात टाइटंस:
साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंधू, वॉशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अर्शद खान, कागिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें अब इस महामुकाबले पर टिकी हैं, जहां दोनों टीमें आईपीएल 2026 की ट्रॉफी जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगी।






