Saturday, June 6, 2026
HomeSportsभारत-अफगानिस्तान टेस्ट से पहले आज दोनों टीमों का अभ्यास, न्यू चंडीगढ़ में...

भारत-अफगानिस्तान टेस्ट से पहले आज दोनों टीमों का अभ्यास, न्यू चंडीगढ़ में क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर

चंडीगढ़, 5 जून 2026 :  भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से शुरू होने वाले ऐतिहासिक टेस्ट मैच से पहले शुक्रवार को दोनों टीमें न्यू चंडीगढ़ स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) स्टेडियम में अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगी। मैच की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए खिलाड़ी मैदान पर जमकर पसीना बहाएंगे।
भारतीय टीम सुबह 9:30 बजे स्टेडियम पहुंचेगी और दोपहर 12:30 बजे तक तीन घंटे का अभ्यास करेगी। इस दौरान बल्लेबाज अपनी तकनीक को निखारेंगे, गेंदबाज विभिन्न रणनीतियों पर काम करेंगे और फील्डिंग ड्रिल्स के जरिए टीम संयोजन को मजबूत किया जाएगा। कप्तान शुबमन गिल की अगुवाई में भारतीय टीम मैच से पहले अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देगी।
भारतीय टीम के अभ्यास के बाद अफगानिस्तान की टीम दोपहर 1 बजे मैदान पर उतरेगी। अफगानिस्तान के खिलाड़ी दोपहर 3 बजे तक अभ्यास करेंगे। टीम प्रबंधन और खिलाड़ी मैदान की परिस्थितियों को समझने के साथ-साथ मैच के लिए अपनी रणनीति तैयार करेंगे।
भारत और अफगानिस्तान के बीच यह टेस्ट मुकाबला 6 से 10 जून तक खेला जाएगा। न्यू चंडीगढ़ का महाराजा यादविंद्र सिंह पीसीए स्टेडियम पहली बार किसी टेस्ट मैच की मेजबानी करेगा। इसके साथ ही यह भारत का 31वां और पंजाब का तीसरा टेस्ट क्रिकेट स्थल बन जाएगा, जो राज्य के क्रिकेट इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। पंजाब के स्टार बल्लेबाज और भारतीय टेस्ट कप्तान शुबमन गिल पर सभी की निगाहें रहेंगी, जबकि राज्य के युवा खिलाड़ी गुरनूर बराड़ का टीम में शामिल होना स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
पीसीए ने क्रिकेट प्रेमियों से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर भारतीय टीम और पंजाब के खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है। आयोजकों को उम्मीद है कि पांच दिवसीय इस मुकाबले के दौरान दर्शकों की भारी भीड़ स्टेडियम में देखने को मिलेगी, जिससे न्यू चंडीगढ़ का यह ऐतिहासिक टेस्ट मैच यादगार बन जाएगा।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments