पंचकूला (हरियाणा), 24 दिसंबर 2025: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि सरकार जल्द ही ‘भारत टैक्सी’ सेवा शुरू करने जा रही है, जिसके तहत होने वाला पूरा मुनाफा ड्राइवरों को मिलेगा। पंचकूला में आयोजित सहकारी सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह पहल यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ ड्राइवरों की आय में भी वृद्धि करेगी।
अमित शाह ने हरियाणा के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि राज्य ने देश की खाद्य सुरक्षा, दुग्ध उत्पादन और खेलों में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने हरियाणा और पंजाब को खाद्यान्न उत्पादन में देश को आत्मनिर्भर बनाने का श्रेय दिया और कहा कि हरियाणा प्रति व्यक्ति सबसे अधिक सैनिक देश को देता है।
उन्होंने कहा कि पशुपालन, कृषि और सहकारिता को एक साथ जोड़कर समृद्धि लाई जा सकती है। साथ ही बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कृषि बजट 2014 के 22 हजार करोड़ से बढ़कर 1.27 लाख करोड़ और ग्रामीण विकास बजट 80 हजार करोड़ से बढ़कर 1.87 लाख करोड़ हो गया है।






