बागपत 6 सितंबर 2025 शहीद-ए-आज़म ब्यूरो: बागपत में 500 रुपये की शर्त जीतने के लिए एक युवक ने यमुना नदी में छलांग लगा दी और डूब गया। मुजफ्फरनगर का रहने वाला जुनैद अपने दोस्तों के साथ नदी पर गया था। इस दौरान उनमें यमुना पार करने की शर्त लगी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कहा जा रहा है कि मुजफ्फरनगर के ग्राम नंगला निवासी मुस्तुल्ला का परिवार लंबे समय से ग्राम निवाड़ा में ईदगाह के पास रहता है। उनका बेटा 20 वर्षीय जुनैद अपने तीन-चार दोस्तों के साथ यमुना का जलस्तर देखने के लिए बुधवार दोपहर गांव के निकट पुल पर गया था। ग्रामीणों के मुताबिक यमुना में तैरने को लेकर आपस में युवक बातचीत करने लगे। शर्त लगी कि तैरकर यमुना पार करने वाले को 500 रुपये मिलेंगे। जुनैद ने शर्त जीतने के लिए यमुना में छलांग लगा दी। वह करीब 600 मीटर तक तैरता हुआ यमुना के एक छोर के नजदीक पहुंचा, लेकिन अचानक वहां पर डूब गया। अन्य युवकों का शोर सुनकर ग्रामीण व राहगीर दौड़ पड़े। स्थानीय गोताखोरों ने उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। कोतवाली प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी ने स्वजन से जानकारी ली।
उसके भाई जावेद का कहना है कि जुनैद को दो-तीन युवक पुल से यमुना में कूदने के बहाने अपने साथ घर से बुलाकर लाए थे। जुनैद के यमुना में कूदने पर भाग गए। वहीं, पीड़ित स्वजन व ग्रामीण बरसात में भी यमुना पुल व किनारे पर डटे हैं। जुनैद श्रमिक है। वह ट्रक में ईंट भराई का कार्य करता है। उसके पिता की करीब पांच साल पहले बीमारी से मृत्यु हो गई थी।






