रोहतक:- हरियाणा के रोहतक में आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जहाँ दो निजी स्कूल बसें आपस में जोरदार टक्कर का शिकार हो गईं। दोनों बसें बच्चों को स्कूल लेकर जा रही थीं। दुर्घटना में करीब 6 से 7 बच्चे घायल हो गए, जबकि दोनों बस चालकों को भी चोटें आई हैं। राहत की बात यह है कि किसी भी बच्चे की जान को खतरा नहीं है।सभी घायलों को रोहतक PGI के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बस चालक ने बिना सावधानी सड़क पर बस चढ़ा दी, जिससे दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है।
लखनमाजरा थाना के SHO समरजीत सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 8 बजे CHC के पास दो स्कूल बसें टकरा गईं। बसों में बच्चे सवार थे, जिनमें से कुछ को मामूली चोटें आईं। सभी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और सभी सुरक्षित हैं।
SHO ने बताया कि स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बस चालक तेज और लापरवाही से गाड़ी चला रहे थे। दोनों ड्राइवर भी घायल हैं और पुलिस उनके बयान लेने के बाद आवश्यक कार्रवाई करेगी। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।






