जाखल, 8 मई, 2026 (संजीव शर्मा) : हरियाणा प्रदेश में सफाई कर्मचारियों की जारी हड़ताल अब प्रदेशव्यापी चिंता का विषय बनती जा रही है। नगर निकायों, शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था चरमराने से जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ती गंदगी के कारण डेंगू, मलेरिया तथा अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।
इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने इस गंभीर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था किसी भी प्रदेश की मूलभूत आवश्यकता है और लंबे समय तक इसका प्रभावित रहना जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी वर्षों से प्रदेश की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आए हैं, इसलिए उनकी मांगों और समस्याओं पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
शर्मा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से अपील करते हुए कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ सकारात्मक संवाद स्थापित कर उनकी मांगों का शीघ्र समाधान निकाले, ताकि हड़ताल समाप्त हो सके और प्रदेश की सफाई व्यवस्था पुनः सुचारु रूप से चल सके।
उन्होंने कहा कि सरकार और कर्मचारियों के बीच आपसी सहमति, संवाद और संवेदनशील रवैये से ही इस समस्या का स्थायी समाधान संभव है। साथ ही प्रशासन को भी अस्थायी तौर पर सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि आम जनता को बीमारियों और असुविधाओं से बचाया जा सके।
शर्मा ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ हरियाणा के लिए सरकार, प्रशासन और कर्मचारियों को मिलकर कार्य करना होगा, तभी प्रदेश को इस संकट से जल्द राहत मिल सकेगी।






